हिन्द न्यूज़, बिहार
वैशाली जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के नेतृत्व में जिले में संचालित डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य की अद्यतन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि
जिले में कुल 5,98,372 प्लॉट चिन्हित हैं। जिनमें से अब तक 1,79,190 प्लॉट का सर्वेक्षण पूर्ण किया जा चुका है। जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्रखंड प्रतिदिन लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित किया जाय । कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रखंडवार समीक्षा में राघोपुर, चेहराकलां, बिदुपुर, राजापाकर एवं महनार बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रखंड रहे। वहीं वैशाली, महुआ, भगवानपुर एवं हाजीपुर को विशेष रूप से प्रगति तेज करने के निर्देश दिया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है। बल्कि कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं योजनाओं के लक्षित क्रियान्वयन की मजबूत आधारशिला है। सर्वेक्षण कार्य मोबाइल ऐप आधारित जीपीएस प्रणाली से किया जा रहा है। जिसमें जियो-रेफरेंस्ड नक्शों के माध्यम से प्रत्येक खेत की सीमा, रकबा एवं फसल का विवरण डिजिटल रूप से दर्ज किया जा रहा है। अपलोड किए गए फोटो एवं आंकड़ों का सुपरवाइजर स्तर पर नियमित सत्यापन भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि इस सर्वे से वास्तविक किसान, भूमि का सही रकबा एवं फसल की स्थिति का प्रमाणिक डेटा उपलब्ध होगा, जो भविष्य में फसल बीमा, अनुदान, आपदा राहत एवं प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं संबंधित कर्मियों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा समयसीमा के भीतर सर्वे पूर्ण करने हेतु सतत मॉनिटरिंग एवं समन्वय जारी है।
संवाददाता : रमेश प्रसाद सिंह, बिहार
