हिन्द न्यूज़, बिहार
वैशाली जिलापदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा महनार प्रखंड अंतर्गत पंचायत महिन्दवारा एवं सरमस्तपुर के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों, विद्यालयों तथा खाद-बीज प्रतिष्ठानों का विशेष औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सेवाओं की गुणवत्ता तथा प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के क्रम में जिलापदाधिकारी द्वारा प्राथमिक विद्यालय सिमराचक फातिमा का भी निरीक्षण किया गया। विद्यालय में पहुंचते ही जिलापदाधिकारी बच्चों के बीच घुल-मिल गईं और एक शिक्षक की भूमिका में नजर आईं। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के विषय में संवाद किया। उनकी समझ का आकलन किया तथा स्वयं उन्हें पढ़ाकर उत्साहित किया। जिलापदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के इस सहज और आत्मीय व्यवहार से बच्चे अत्यंत प्रसन्न एवं उत्साहित दिखे।
निरीक्षण का सबसे भावनात्मक एवं प्रेरणादायक क्षण तब आया, जब जिलापदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह बच्चों के साथ जमीन पर बैठीं। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जाँच की। उन्होंने आगे बच्चों के साथ समान स्तर पर बैठकर भोजन को चखा तथा उसकी गुणवत्ता, स्वाद, स्वच्छता और पौष्टिकता का गंभीरता से आकलन किया। इसी दौरान उन्होंने बच्चों से भोजन की नियमितता, मात्रा और पसंद के संबंध में भी जानकारी ली।
यह दृश्य प्रशासन की संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण का सशक्त उदाहरण था। जहाँ एक वरिष्ठ अधिकारी ने बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह संदेश दिया कि सरकारी योजनाएँ केवल कागजों तक सीमित नहीं। बल्कि जमीन पर उनके वास्तविक लाभ का आकलन अत्यंत आवश्यक है। जिलापदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने स्पष्ट किया कि मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत बच्चों को स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संवाददाता : रमेश प्रसाद सिंह, बिहार
