पुर्तगाल के राष्ट्रपति महामहिम मार्सेलो रेबेलो डी सूज़ा से भेंट

हिन्द न्यूज़, भावनगर

     भारत की मान.राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती निमुबेन बांभणिया, श्रीमती संध्या राय जी एवं धवल पटेल ने पुर्तगाल के राष्ट्रपति महामहिम मार्सेलो रेबेलो डी सूज़ा से भेंट कर भारत-पुर्तगाल द्विपक्षीय वार्ता में भाग लिया।

इस ऐतिहासिक अवसर पर ‘प्राका दो इम्पेरियो’, लिस्बन में महामहिम राष्ट्रपति डॉ. द्रौपदी मुर्मु जी का राष्ट्रपति मार्सेलो द्वारा भव्य स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ औपचारिक स्वागत प्रदान किया गया।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु जी ने सांता मारिया चर्च का भ्रमण किया और पुर्तगाल के राष्ट्रीय कवि लुइस वाज़ दे कैमोज़ की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने 16वीं सदी की वास्तुकला के अद्भुत उदाहरण, जेरोनिमोस मठ का भी अवलोकन किया।

भारत और पुर्तगाल के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशेष समारोह में दोनों राष्ट्रपतियों की गरिमामयी उपस्थिति में स्मारक डाक टिकटों का विमोचन किया गया। इन डाक टिकटों में भारत और पुर्तगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया है, जिसमें राजस्थान की पारंपरिक कालबेलिया पोशाक और पुर्तगाल की वियाना डो कास्टेलो ड्रेस शामिल हैं।

राष्ट्रपति मुर्मु जी और राष्ट्रपति मार्सेलो के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में व्यापार, निवेश, सूचना प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, कनेक्टिविटी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और गहराने पर सहमति बनी। साथ ही वैश्विक एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और पुर्तगाल के संबंध आपसी विश्वास, समझ और बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग पर आधारित हैं, जिन्हें आने वाले समय में और सशक्त किया जाएगा।

Related posts

Leave a Comment