होली 2026 को लेकर वैशाली में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह की सौहार्द बनाए रखने की अपील

हिन्द न्यूज़,  बिहार

   होली पर्व 2026 के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं गरिमामय आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वैशाली जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक वैशाली विक्रम सिहाग द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिले के सभी थाना प्रभारी सहित अन्य वरीय एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न अनुमंडलों एवं प्रखंडों से आए जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, धर्मगुरु तथा विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए। बैठक का वातावरण आपसी संवाद, समन्वय एवं विश्वास से परिपूर्ण रहा।

उन्होंने आगे कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का पर्व है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं समुदाय के नेताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति, संयम एवं सौहार्द का संदेश प्रसारित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उसे आगे बढ़ाएं। बल्कि ऐसी किसी भी सूचना की तत्काल प्रशासन को जानकारी दें।

उन्होंने होलिका दहन एवं होली पर्व के दौरान मर्यादा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए कहा कि डीजे, आपत्तिजनक गीत, हुड़दंग, जबरन रंग लगाने जैसी गतिविधियों से बचें तथा सभी एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। उन्होंने युवाओं से संयमित एवं जिम्मेदार आचरण करने की अपील की।

उन्होंने आगे कहा कि जिले के संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अवैध शराब, मिलावटी एवं हानिकारक रंगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं उकसावे वाले संदेश फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। होली के अवसर पर जिले में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। 

उन्होंने कहा कि होलिका दहन दिनांक 02 मार्च 2026 को रात्रि में एवं होली 04 मार्च 2026 को मनाया जाना है। इस संबंध में जिले में 3000 से अधिक व्यक्तियों पर धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। होलिका दहन केवल खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर मनाया जाए तथा इसकी ऊँचाई सीमित रखी जाए, जिससे विद्युत तारों एवं अन्य संरचनाओं को किसी प्रकार की क्षति न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि होलिका दहन के उपरांत साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंडों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि होली के अवसर पर मिठाई की दुकानों पर फूड सेफ्टी की अनिवार्य जांच सुनिश्चित की जाए, उपयोग में लाए जाने वाले रंग ऑर्गेनिक एवं गैर-मिलावटी हों तथा पर्याप्त संख्या में मेडिकल एवं फायर ब्रिगेड वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित रहे।

बैठक में उपस्थित सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं लोगों को जागरूक करने का भरोसा दिलाया।

अंत में जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि वैशाली की पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता है। हम सभी के सामूहिक प्रयास से इस वर्ष भी होली का पर्व प्रेम, उल्लास एवं शांति के वातावरण में संपन्न होगा।

संवाददाता : रमेश प्रसाद सिंह, बिहार

Related posts

Leave a Comment