जे.पी. सम्मान योजना के लंबित आवेदनों पर जिला प्रशासन सक्रिय, डीएम वैशाली की अध्यक्षता में समिति बैठक आयोजित।

हिन्द न्यूज़, बिहार   

      वैशाली जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को जे.पी. सम्मान योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के विचारार्थ जिला प्रशासनिक समिति की बैठक आयोजित की गई।

उक्त त्रिसदस्यीय समिति में जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, वैशाली एवं जिला कारा अधीक्षक वैशाली सम्मिलित हुए। बैठक में योजना से संबंधित विभिन्न लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान हरेंद्र राय, निवासी—देसरी, जिला वैशाली समिति के समक्ष उपस्थित हुए। समिति द्वारा उनके जे.पी. सम्मान योजना अंतर्गत पेंशन स्वीकृति हेतु वर्षों से लंबित आवेदन पर सुनवाई की गई। इस क्रम में सलाहकार पर्षद, जे.पी. सेनानी सम्मान योजना कार्यालय, पटना से प्राप्त संचिका में उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण किया गया। विभागीय दिशा-निर्देशों के आलोक में आवश्यक अनुशंसा की गई।

सुनवाई के दौरान जे°पी°सेनानी हरेंद्र राय की श्रवण संबंधी समस्या जिसके कारण उन्हें सुनाई नहीं दे रहा था,संज्ञान में आने पर जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उन्हें तत्काल श्रवण यंत्र भी उपलब्ध कराया गया।

जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा पारदर्शी, संवेदनशील एवं जनहितकारी प्रशासनिक व्यवस्था के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

संवाददाता : रमेश प्रसाद सिंह, बिहार

Related posts

Leave a Comment