हिन्द न्यूज़, बिहार
वैशाली जिले में शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने को लेकर वैशाली जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के सख्त रुख के बाद बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी, वैशाली द्वारा जारी आदेश के अनुसार हाजीपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुर्लियाचक में आयोजित कथित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम एवं अश्लील डांस के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील रंजन वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि विद्यालय परिसर में शैक्षणिक मर्यादा के विपरीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस संबंध में प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण की मांग की गई थी। किंतु उपलब्ध कराए गए जवाब को असंतोषजनक पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, लालगंज का कार्यालय निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।इसके साथ ही, पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर आरोपों पर अलग से अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय ज्ञान और संस्कार का केंद्र हैं, जहां किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या आपत्तिजनक गतिविधि को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आगे जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी विद्यालयों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा शैक्षणिक वातावरण की पवित्रता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
उन्होंने आगे यह भी कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़ी संस्थाओं में जिम्मेदारी के साथ कार्य करना अनिवार्य है । यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से जिले के शिक्षा तंत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि नियमों के उल्लंघन पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
संवाददाता : रमेश प्रसाद सिंह, बिहार
