किसानों के लिए बड़ा अभियान — बड़ी उपलब्धि:किसान पंजीकरण में वैशाली जिला राज्य में नंबर–1

हिन्द न्यूज़, बिहार 

     राज्य सरकार द्वारा किसानों को योजनाओं का सीधा, पारदर्शी एवं समयबद्ध लाभ दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे किसान पंजीकरण महाअभियान में वैशाली जिले ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राज्य भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि न केवल आंकड़ों की सफलता है। बल्कि प्रशासनिक प्रतिबद्धता और जमीनी स्तर पर किए गए निरंतर प्रयासों का सशक्त उदाहरण भी है।

    राज्य द्वारा जिले को 8000 किसान पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष वैशाली जिले ने 7980 किसानों का सफल पंजीकरण किया है। इस प्रकार जिले ने 99.75 प्रतिशत की प्रभावशाली उपलब्धि दर्ज की है, जो राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ है।

    जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत कुल लाभुकों की संख्या 1,95,228 है। वहीं अब तक कुल फार्मर रजिस्ट्री 34,909 तथा पीएम किसान फार्मर रजिस्ट्री 26,887 पूर्ण की जा चुकी है। जिससे बड़ी संख्या में किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से सीधे जुड़ सके हैं।

    इस पूरी उपलब्धि की रीढ़ वैशाली जिलाधिकारी, , वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) का सशक्त नेतृत्व रहा।जिनकी सतत निगरानी, स्पष्ट प्राथमिकताओं और फील्ड-फोकस्ड अप्रोच ने अभियान को गति दी। बीडीओ, सीओ, आरओ, बीएओ, किसान सलाहकारों, पंचायत स्तर के कर्मियों एवं फील्ड स्टाफ ने एक टीम के रूप में कार्य करते हुए अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया।

     अभियान के दौरान डोर-टू-डोर किसान पंजीकरण, एक्टिव आईडी जनरेशन पर विशेष बल तथा कॉमन सर्विस सेंटर् की सक्रिय भूमिका ने पंजीकरण प्रक्रिया को सरल, सुलभ और भरोसेमंद बनाया। इन नवाचारी प्रयासों के कारण किसानों की भागीदारी लगातार बढ़ी और लक्ष्य के लगभग शत-प्रतिशत प्राप्ति संभव हो सकी।

     इस महाअभियान में भगवानपुर प्रखंड ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए जिले में अग्रणी स्थान प्राप्त किया। जो प्रखंड स्तर पर प्रभावी समन्वय एवं कार्य संस्कृति का परिचायक है।

      जिला प्रशासन ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मियों और किसानों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा है कि भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

संवाददाता : रमेश प्रसाद सिंह, बिहार

Related posts

Leave a Comment