हिन्दन्यूज़, दीव
भारतीय मानक ब्यूरो राजकोट शाखा कार्यालय, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार के अधिकारियों द्वारा दीव के प्राधिकारियों हेतु गुणवत्ता मानकों के संबंध में संवेदीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का समाहर्तालय सभागार, दीव में आयोजन किया गया जिसमें दीव के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।
गौरतलब है कि यह प्रशिक्षण कार्यशाला उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मामलों में भारत सरकार के भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने के बारे में सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों में जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से किया गया ।
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में भारतीय मानक ब्यूरो, राजकोट शाखा कार्यालय से श्री सत्येंद्र पाण्डेय, संयुक्त निदेशक, श्री पियुष गेडिया, उप-निदेशक तथा श्री अमनसिंह, अधिकारी द्वारा मानकीकरण, प्रमाणीकरण तथा भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा चिन्हित उत्पादों, हॉलमार्किंग स्कीम, भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा शुरू की गई नई पहलों तथा सरकारी कार्यालयों हेतु सरकारी अधिकारियों / कर्मचारियों द्वारा खरीदी जानेवाली उत्पादों से संबंधित नीतियों के बारे में पावर पॉईंट प्रेजेन्टेशन के बारे में विस्तार से बताया गया ।
सत्येंद्र पाण्डेय, संयुक्त निदेशक ने बताया कि सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की यह जिम्मेदारी है कि कार्यालय उपयोग हेतु उत्पादों को खरीदने से पहले या टेंडर करने से पहले यह सुनिश्चित करना चाहिए कि यदि वे उत्पाद भारतीय मानक ब्यूरो के अंतर्गत शामिल हों, तो वे भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा चिन्हित गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को ही खरीदें और इस बारे में जागरूक रहें ।
अमनसिंह, अधिकारी द्वारा भारतीय मानक ब्यूरो की विभिन्न जागरूकता गतिविधियों तथा संवेदीकरण कार्यक्रमों के बारे में बताया गया ।
संवाददाता : विजयलक्ष्मी पंड्या, दीव
