हिन्द न्यूज़, बिहार
वैशाली जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देश पर बिहार लक्ष्यित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2016 के अंतर्गत जन वितरण प्रणाली की नई अनुज्ञप्ति के लिए अनुमंडलवार अंतिम मेधा सूची प्रकाशित कर दी गई है।
नई अनुज्ञप्ति के लिए 19 जुलाई 2025 को जारी विज्ञापन के आलोक में प्राप्त आवेदनों पर प्राप्त दावा-आपत्तियों का जिला स्तरीय समिति द्वारा निष्पादन किया गया। इसके पश्चात अनुमंडलवार अंतिम मेधा सूची 07 मार्च 2026 को प्रकाशित की गई है।
अभ्यर्थी अंतिम मेधा सूची को जिले की आधिकारिक वेबसाइट vaishali.nic.in पर तथा संबंधित अनुमंडल कार्यालय में जाकर देख सकते हैं।
यदि किसी अभ्यर्थी को प्रकाशित अंतिम मेधा सूची के संबंध में कोई आपत्ति हो, तो वे आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल के समक्ष अंतिम मेधा सूची के प्रकाशन की तिथि से 15 दिनों के भीतर अपना दावा/आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। चूंकि अंतिम मेधा सूची 07 मार्च 2026 को प्रकाशित की गई थी, इसलिए दावा-आपत्ति दर्ज कराने के लिए अब 7 दिनों का समय शेष है।
निर्धारित अवधि के पश्चात नियमानुसार चयनित अभ्यर्थियों को अनुज्ञप्ति निर्गत की जाएगी। जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि जन वितरण प्रणाली को पारदर्शी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जा रही है।
संवाददाता : रमेश प्रसाद सिंह, बिहार
