बी एम एस आई सी एल के प्रबंध निदेशक नीलेश देओरे ने किया महुआ मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण, निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश

हिन्द न्यूज़, बिहार 

     वैशाली जिलाधिकारी वर्षा सिंह के साथ सदर अस्पताल, हाजीपुर का भी दौरा, सी सी यु ब्लॉक निर्माण की समीक्षा। 

वैशाली जिला अंतर्गत महुआ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का आज बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नीलेश देओरे द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस एंडअवसर पर जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी महुआ, बिहार मेडिकल सर्विसेज एण्ड इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉपोरेशन लिमिटेड के अभियंता एवं संबंधित एजेंसी के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान श्री देओरे ने मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन ओपीडी भवन, एकेडमिक ब्लॉक, छात्रावास (हॉस्टल) भवन, स्टाफ क्वार्टर, एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) एवं आंतरिक सड़क निर्माण की अद्यतन प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने प्रत्येक घटक पर कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए गहरी चिंता व्यक्त की कि कार्य अपेक्षित गति से पूर्ण नहीं हो रहा है।

उन्होंने आगे उपस्थित कार्य एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मजदूरों की संख्या को तत्क्षण दोगुना किया जाए और तीन पालियों में कार्य करवाकर सभी लंबित कार्यों को आगामी दो माह की समय सीमा में हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने आगे कहा कि इस महत्त्वपूर्ण शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजना में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, और बिहार मेडिकल सर्विसेज एण्ड इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों को लगातार निगरानी सुनिश्चित करनी होगी।

सदर अस्पताल, हाजीपुर में नए सी सी यु ब्लॉक की योजना की समीक्षा महुआ निरीक्षण के पश्चात श्री नीलेश देओरे एवं जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा संयुक्त रूप से सदर अस्पताल, हाजीपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित क्रिटिकल केयर यूनिट ब्लॉक निर्माण योजना की समीक्षा की गई तथा संभावित स्थानों का भौतिक सत्यापन किया गया।

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि अस्पताल परिसर में कई स्थानों पर लघु मरम्मत एवं सौंदर्गीकरण की आवश्यकता है। जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने सिविल सर्जन एवं भवन निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्यों की सूची बनाकर तत्काल स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजें। इसके साथ ही15 दिन के भीतर कार्य आरंभ कराएं।

श्रीमती वर्षा सिंह ने अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, जन औषधि केंद्र, आपातकालीन कक्ष, लेबर रूम एवं रजिस्ट्रेशन काउंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आगे चिकित्सकों एवं स्टाफ से सीधा संवाद कर मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली और कहा कि मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और त्वरित सेवा शासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में उपस्थिति व्यवस्था, उपकरणों की स्थिति और दवाओं की उपलब्धता पर भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने आगे कहा कि जिले में चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध कार्य करना होगा। प्रशासन की प्राथमिकता है कि आने वाले समय में वैशाली को एक सुदृढ़ स्वास्थ्य और शैक्षणिक ढांचा मिले।

संवाददाता : रमेश प्रसाद सिंह, बिहार

Related posts

Leave a Comment