जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के आदेश पर गोरौल अंचल कार्यालय में संपन्न हुआ राजस्व शिविर

हिन्द न्यूज़, बिहार

   वैशाली जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के आदेश के आलोक में अंचल कार्यालय, गोरौल परिसर में राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता, वैशाली एवं प्रभारी पदाधिकारी, राजस्व एवं भूमि सुधार प्रशाखा द्वारा शिविर का निरीक्षण किया गया‌। तमाम आम नागरिकों की समस्याओं को सुनते हुए उनके त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिया गया है। शिविर के आयोजन के दौरान अंचल अधिकारी, गोरौल, राजस्व अधिकारी, सभी राजस्व कर्मचारी, लिपिक एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर उपस्थित थे।

शिविर में ग्रामीणों एवं आमजनों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। भूमि से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु आयोजित शिविर में लगभग 200 रैयतों की समस्याएं सुनी गईं। कुल 88 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिनमें परिमार्जन के 58, मापी के 5, दाखिल-खारिज के 17 तथा विविध श्रेणी के 8 आवेदन शामिल थे। प्राप्त आवेदनों में से 51 आवेदनों (परिमार्जन के 48 एवं मापी के 3) का उसी दिन ऑन-स्पॉट निष्पादन किया गया। शेष आवेदनों को जांच हेतु संबंधित राजस्व कर्मचारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया गया कि जांच प्रतिवेदन प्राप्त होते ही विभागीय नियमानुसार उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उल्लेखनीय है कि जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशानुसार तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना के मार्गदर्शन में जिले में राजस्व से जुड़े मामलों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के लिए अंचल स्तर पर विशेष राजस्व शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर से राहत दिलाते हुए उनकी भूमि से संबंधित समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

जिला प्रशासन द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, जमाबंदी सुधार, ई-मापी, परिमार्जन, अभियान बसेरा, पर्चा वितरण, आरटीपीएस सेवाएं तथा भू-लगान से संबंधित मामलों का निस्तारण शिविरों के माध्यम से किया जाएगा, ताकि आम लोगों को सरल, सुगम एवं समयबद्ध सेवाएं मिल सकें।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के अन्य अंचलों में भी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। राघोपुर अंचल कार्यालय में 07 जनवरी 2026 तथा सहदेई बुजुर्ग अंचल कार्यालय में 09 जनवरी 2026 को राजस्व शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में संबंधित अंचल के अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी, सभी राजस्व कर्मी, सहायक अंचल कर्मी एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था।

शिविर के दौरान नागरिक अपने भूमि से जुड़े आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त आवेदनों के साथ-साथ पूर्व से लंबित मामलों का भी यथासंभव उसी दिन निष्पादन किया जाएगा। 

जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कार्य में पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related posts

Leave a Comment