हिन्द न्यूज़, दीव
उल्लेखनीय है कि दिनांक 27/11/2024 अपराह्न को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति एवं राजभाषा कार्यान्वयन समिति, दीव के उपाध्यक्ष व उप-समाहर्ता शिवम मिश्रा की अध्यक्षता में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति एवं राजभाषा कार्यान्वयन समिति, दीव की संयुक्त् बैठक समाहर्तालय सभागार, दीव में आयोजित की गई जिसमें सितम्बर, 2024 तक की अवधि के दौरान दीव प्रशासन तथा सरकारी उपक्रमों एवं निगमों में हिन्दी में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई ।

उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति एवं राजभाषा कार्यान्वयन समिति, दीव के उपाध्यक्ष व उप-समाहर्ता ने कहा कि भारत सरकार, गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रम में निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करना तथा हिन्दी में काम करना हम सभी का संवैधानिक दायित्व है और राजभाषा अधिनियम तथा राजभाषा नियम के प्रावधानों का नियमानुसार अनुपालन किया जाना चाहिए । श्री शिवम मिश्रा जी ने बताया कि कुछ ही विभाग हिन्दी में गंभीरता से कार्य कर रहे हैं और कई कार्यालयों को इस दिशा में ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निदेश दिया कि अपने कार्यालयों के फाइलों, रजिस्टरों के विषयों को और नेमी पत्रों व टिप्पणियों को हिन्दी तथा अंग्रेजी अर्थात् द्विभाषी में बनवा लें । साथ ही किसी भी प्रकार की जानकारी किसी भी कार्यालय में भेजने या मांगने के लिए हिन्दी में बने आवरण पत्रों को संलग्न करें और किसी भी प्रकार की सहायता के लिए राजभाषा विभाग,दीव की सहायता लें । उपाध्यक्ष महोदय ने सभी सदस्यों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यालय में हिन्दी शब्दकोषों एवं हिन्दी पुस्तकों की खरीद सुनिश्चित करें ताकि हिन्दी में काम करने में सरलता हो ।
इस बैठक में उपाध्यक्ष व उप-समाहर्ता शिवम मिश्रा जी सहित दीव प्रशासन, सरकारी उपक्रमों एवं निगमों के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।
संवाददाता : विजयलक्ष्मी पंड्या, दीव
