दीव समाहर्ता राहुल देव बूरा ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर फहराया झण्डा

हिन्द न्यूज़, दीव

      भारत देश के 79वें स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर आज समाहर्ता, दीव राहुल देव बूरा ने बड़े उल्लास के साथ राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया । सभी उपस्थितों द्वारा राष्ट्रगीत गाने के बाद समाहर्ता ने परेड का निरीक्षण किया और तत्‍पश्‍चात दीववासियों को संबोधित किया। 79वें स्‍वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर स्‍वतंत्रता सेनानियों और शहीदों का जिक्र करते हुए व उनकी पावन समृति को नमन करते हुए समाहर्ता, दीव राहुल देव बूरा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हर भारतवासी के मन में गौरव और सम्मान की भावना भर देता है क्योंकि यह वह दिन है जब भारत विश्व पटल पर एक स्‍वतंत्र व संप्रभुतापूर्ण देश के रूप में स्थापित हुआ था । 

     इस अवसर पर उन्‍होंने दादरा एवं नगर हवेली तथा दमण एवं दीव के माननीय प्रशासक श्री प्रफुल पटेल जी के पिछले लगभग 9 वर्षों के सफल कार्यकाल का जिक्र करते हुए और उनके करिश्‍माई एवं सक्षम नेतृत्‍च के प्रति सम्‍मान व आभार प्रकट करते हुए कहा कि इन 9 वर्षों में संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमण एवं दीव में शिक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य , मत्‍स्‍य उद्योग, इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर, क्रीड़ा,पर्यटन आदि सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति हुई है, अनेक उप‍लब्ध्यिां हासिल की गई हैं,अनेक परियोजनाओं को पूरा किया गया और कई को त्‍वरित रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है जिससे हमारे संघ प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों ही बेहतर हुई है। 

     दीव के विभिन्‍न विभागों द्वारा की जा रही विकास गतिविधियों का उल्‍लेख करते हुए दीव समाहर्ता श्री राहुल देव बूरा ने बताया कि दीव की अर्थव्‍यवस्‍था मुख्‍य रूप से पर्यटन एवं मत्स्योद्योग पर टिकी हुई है और इन क्षेत्रों में संघ प्रदेश प्रशासन अपना ध्यान केन्द्रित किए हुए है । उन्‍होंने बताया कि मछुआरों के हित में स्मार्ट एवं एकीकृत फिशिंग हार्बर का निर्माण प्रस्तावित है और इस प्रोजेक्ट के पूर्ण हो जाने पर मछुआरों को सर्वाधिक लाभ मिलेगा एवं उन्हें पकड़ी गई मछली के लिए उचित एवं अच्छी कीमत मिलेगी । उन्‍होंने बताया कि ड्रेजिंग चैनल हेतु भारत सरकार से अनुमोदन प्राप्त हो गया है और आवश्‍यक पर्यावरणीय क्लिीयरिंस तथा सीआरजेड भी जल्द ही प्राप्त होगा और इसके लिए तकनीकी सहमति भी प्रदान की जा चुकी है। दीव समाहर्ता ने बताया कि दीव में विभिन्‍न सड़कों के निर्माण कार्य के साथ जलापूर्ति लाइन, विद्युत लाइन,ऑप्टिकल फाइबर लाइन,गैस लाइन आदि पर कार्य जारी है एवं शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के सभी घरों को सीवरेज प्रणाली से जोड़ने के कार्य का अनुमोदन माननीय प्रशासक जी ने दिया है जिससे दीव पूरे देश में सबसे स्‍वच्‍छ,हरित एवं स्‍वस्‍थ जिले के रूप में उभरेगा । समाहर्ता दीव श्री राहुल देव बूरा ने शिक्षा क्षेत्र में हासिल उपब्धियों के लिए दादरा एवं नगर हवेली तथा दमण एवं दीव के माननीय प्रशासक श्री प्रफुल पटेल जी को श्रेय देते हुए कहा कि दीव जिले में शिक्षा की गुणवत्ता व परिणाम में निरंतर वृद्धि हो रही है और बताया कि प्रशासन की देख-रेख में शिक्षा विभाग प्रदेश के सभी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है । 

     गैर-आवासीय निर्माण की श्रेणी में कुछ महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का जिक्र करते हुए समाहर्ता दीव ने बताया कि दीव निर्मित सारे सर्किट हाउस शानदार बने हुए हैं और पूरी तरह कार्यात्मक और व्यावसायिक रूप से प्रबंधित हैं। ये उच्च कोटि के सैलानियों, कंपनी और संगठन के सम्मेलन, त्योहार, विवाह, एमआईसीई पर्यटन को आकर्षित कर रहे हैं और जिले में भविष्य के निवेश को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि दीव में पर्यटन के संवर्धन हेतु अनेक परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। 

     अपने उद्बोधन के अंत में समाहर्ता दीव राहुल देव बूरा ने कहा कि संघ प्रदेश प्रशासन दीव के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और प्रशासक महोदय प्रफुल पटेल जी के अनुभवी मार्गदर्शन में दीव के विकास हेतु लिए गए सभी निर्णयों पर विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है । उन्‍होंने इस अवसर पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि विकास के सभी कार्यों में प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, गणमान्‍य जनों एवं आम नागरिकों का सक्रिय सहयोग रहा है और बताया कि हम सब अपनी मेहनत, लगन और आपसी सहयोग से इस प्रदेश को विकास के शिखर पर ले जाने में अपना संपूर्ण योगदान देंगे ।  

समाहर्ता दीव के उदबोधन के उपरांत सांस्‍कृतिक कार्यक्रम प्रस्‍तुत किया गया । 

      उल्‍लेखनीय है कि इस अवसर पर दादरा एवं नगर हवेली से माननीय प्रशासक, दादरा एवं नगर हवेली तथा दमण एवं दीव प्रफुल पटेल जी के अभिभाषण का लाइव प्रसारण प्रसारित हुआ जिसके जरिए दीव की जनता ने माननीय प्रशासक के उद्बबोधन को देखा व सुना ।  

      इस अवसर पर समाहर्ता दीव राहुल देव बूरा सहित प्रशासन के सभी अधिकारीगण, जिला पंचायत एवं दीव नगरपालिका परिषद के प्रमुख , उपप्रमुख, पार्षदगण, सरपंच, गोवा में पुर्तगाल के चांसलर एवं कांसुलेट जेनरल , सरकारी कर्मचारीगण, विभिन्‍न विद्यालयों के शिक्षकगण व विद्यार्थी व आम नागरिक उपस्थित रहे।

संवाददाता : विजयलक्ष्मी पंड्या, दीव

Related posts

Leave a Comment