हिन्द न्यूज़, दीव
उल्लेखनीय है कि भारतीय संविधान में निहित मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति अपनी निष्ठा जाहिर करने एवं उन्हें अपने जीवन एवं कार्य-व्यवहार में आत्मसात करने हेतु हर वर्ष दिनांक 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर दिनांक 26/11/2024 को साउ़दवाड़ी ग्राम पंचायत, दीव में अमृत सरोवर तालाब स्थल पर अपर जिलाधीश डॉ विवेक कुमार द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ग्राम पंचायत के निवासियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई गई । इसके साथ जल शक्ति अभियान -कैच द रेन, 2024 के संदर्भ में क्षेत्र भ्रमण एवं निरीक्षण हेतु दीव के लिए नियुक्त केंद्रीय नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव जी तथा उनके तकनीकी अधिकारी नरेश कुमार जातव , वैज्ञानिक ‘डी‘ भी उपस्थित रहे और संविधान दिवस की शपथ ली।

इस अवसर पर अपर जिलाधीश डॉ विवेक कुमार जी ने बताया कि भारतीय संविधान में अंतर्निहित मूल्य व सिद्धांत हमारे राष्ट्र एवं समाज की प्रगति के आधार हैं, अत: हम सभी को संविधान को उसकी मूल भावना के साथ अपने कार्यों में अपनाना चाहिए । साथ ही डॉ विवेक कुमार जी ने जल शक्ति अभियान -कैच द रेन, 2024 के संदर्भ में क्षेत्र भ्रमण एवं निरीक्षण हेतु दीव पधारे केंद्रीय नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव जी तथा उनके तकनीकी अधिकारी नरेश कुमार जातव, वैज्ञानिक ‘डी‘ का स्वागत किया और यह बताया कि ये अधिकारी दीव जिले में पेय जल की भावी उपलब्धता हेतु जल निकायों का निरीक्षण करने एवं रेनवाटर हार्वेस्टिंग तथा वर्षाजल के प्रभावी संचयन के विभिन्न उपायों पर चर्चा करने हेतु पधारे हैं।
जल शक्ति अभियान -कैच द रेन, 2024 के संदर्भ में दीव पधारे केंद्रीय नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव जी ने बताया कि उन्हें खुशी है कि वे संविधान दिवस के शपथ ग्रहण के इस शुभ अवसर पर शामिल हो सके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान को बने हुए 75 वर्ष हो चुके हैं और यह संविधान दिवस हर वर्ष पूरे भारत में एक पर्व की तरह मनाया जाता है। केंद्रीय नोडल अधिकारी व उनकी केंद्रीय टीम ने अपने पूर्व के दौरे में दी गई फीडबैक पर प्रशासन द्वारा की गई प्रभावी कार्रवाई की सराहना की ।
इस अवसर पर अपर जिलाधीश डॉ विवेक कुमार जी के साथ केंद्रीय नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव जी तथा उनके तकनीकी अधिकारी नरेश कुमार जातव, मामलतदार धर्मेश दमणिया , दीव नगरपालिका प्रमुख हेमलताबेन रामा, साउदवाड़ी पंचायत के सरपंच एवं सदस्यगण, सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
संवाददाता : विजय लक्ष्मी पंड्या, दीव
