हिन्द न्यूज़, दिल्ली
प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आज राजभवन से ‘रन फॉर यूनिटी’ रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय एकता दिवस तथा भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया गया।
रैली को विशेष सचिव, राज्यपाल, श्रीप्रकाश गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर राजभवन से रवाना किया। इससे पूर्व सरदार पटेल जी की प्रतिमा पर विशेष सचिव, राज्यपाल तथा अन्य अधिकारियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
रैली में राजभवन के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, लखनऊ स्थित विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं अध्यापकगण सम्मिलित हुए। ‘रन फॉर यूनिटी’ रैली राजभवन के बड़े लॉन से सरदार पटेल जी की प्रतिमा के पास से प्रारंभ होकर गेट संख्या-02, हजरतगंज चौराहा, लालबाग, नोवल्टी, सचिवालय मार्ग होते हुए राजभवन गेट संख्या-08 से वापस बड़े लॉन में संपन्न हुई। रैली का संचालन जमाल अहमद सिद्दीकी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर रैली को संबोधित करते हुए विशेष सचिव राज्यपाल श्रीप्रकाश गुप्ता ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता एवं राष्ट्रीय एकता में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि 500 से अधिक रियासतों को एक ध्वज तिरंगे के नीचे संगठित कर भारत संघ में विलय कराना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे सरदार पटेल ने अद्भुत कूटनीति, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं दूरदर्शिता से पूर्ण किया।
