देश की सबसे बड़ी लाइव स्कूल नवाचार प्रतियोगिता में 3 लाख से अधिक स्कूलों की भागीदारी ऐतिहासिक

हिन्द न्यूज़, दिल्ली 

     केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली में विकसित भारत बिल्डथॉन (वीबीबी) 2025 का उद्घाटन किया। स्कूली छात्रों के लिए भारत के सबसे बड़े समन्वित नवाचार हैकाथॉन- विकसित भारत बिल्डथॉन 2025 में 3 लाख से ज़्यादा स्कूलों ने एक साथ भाग लिया। धर्मेंद्र प्रधान ने उद्घाटन सत्र के दौरान, ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित खोरदा के पीएम श्री गवर्नमेंट हाई स्कूल के छात्रों के साथ बातचीत की।

 प्रधान ने अपने संबोधन में इस विशाल स्कूल नवाचार पहल में उत्साहपूर्वक भागीदारी के लिए देश भर के 3 लाख से अधिक स्कूलों और प्रतिभागी छात्रों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां से निकले नवोन्मेषी विचार नए वैश्विक मॉडल बनाने और घरेलू एवं वैश्विक चुनौतियों के समाधान खोजने का मार्ग प्रशस्त करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे प्रतिभाशाली स्कूली छात्र एक विकसित और समृद्ध भारत का निर्माण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 2047 तक विकसित भारत का सपना वीबीबी जैसे परिवर्तनकारी प्रयासों के माध्यम से साकार होगा। केन्द्रीय मंत्री ने छात्रों से देश के भविष्य को आकार देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार ने अपने संबोधन के दौरान इस पहल में देश भर के छात्रों की भागीदारी और प्रयासों की सराहना की। कुमार ने यह भी कहा कि यह अनूठा अभियान छात्रों की सीखने की क्षमता को बढ़ाएगा और उनके नवोन्मेषी दृष्टिकोण को मज़बूत करेगा। कुमार ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके मार्गदर्शन और सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।

अटल नवाचार मिशन के मिशन निदेशक श्री दीपक बागला ने वीबीबी के बढ़ते महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बिल्डथॉन नवाचार को एक जन आंदोलन बना देगा। उन्होंने यह भी कहा कि इससे दूरदराज के गांवों के स्कूलों को महानगरों के स्कूलों से जुडेंगे।

 प्रधान ने छात्रों और शिक्षकों से बातचीत करने के लिए मथुरा रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल और दिल्ली कैंट स्थित पीएम केंद्रीय विद्यालय नम्बर- 2 का भी दौरा किया। प्रधान ने छात्रों की कई नवीन परियोजनाओं का अवलोकन किया और उनकी सीखने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्रों की रचनात्मकता और उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें जिज्ञासु बने रहने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में सक्रिय योगदान के लिए आवश्यक उनकी असाधारण रचनात्मकता की सराहना भी की।

उद्घाटन सत्र के बाद 120 मिनट का लाइव (नवाचार प्रतियोगिता) इनोवेशन चैलेंज का आयोजन हुआ। दो घंटे लंबे इस लाइव टिंकरिंग सत्र में 1 करोड़ से ज़्यादा छात्रों ने भाग लिया। इसमें कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों ने 3-5 की टीमों में काम करके चार विषयों – आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी, वोकल फ़ॉर लोकल और समृद्धि विषय पर आधारित प्रोटोटाइप तैयार किए। इस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण स्कूल स्पॉटलाइट्स रहा और इसमें दूरदराज के क्षेत्रों, आकांक्षी ज़िलों, पहाड़ी राज्यों और सीमांत क्षेत्रों के 150 से ज़्यादा स्कूल अपनी प्रगति और अपने अनुभव साझा करने के लिए सीधे जुड़े।

पंजीकृत स्कूलों का विवरण (राज्य/केन्द्रशासित प्रदेश क्षेत्रवार)

1 अंडमान और निकोबार द्वीप समूह 171

2 आंध्र प्रदेश 3980

3 अरुणाचल प्रदेश 206

4 असम 15656

5 बिहार 15732

6 चंडीगढ़ 269

7 छत्तीसगढ़ 8363

8 दिल्ली 4033

9 गोवा 194

10 गुजरात 20017

11 हरियाणा 11567

12 हिमाचल प्रदेश 4575

13 जम्मू और कश्मीर 4754

14 झारखंड 9779

15 कर्नाटक 10248

16 केरल 4640

17 लद्दाख 358

18 लक्षद्वीप 9

19 मध्य प्रदेश 18129

20 महाराष्ट्र 41198

21 मणिपुर 896

22 मेघालय 544

23 मिजोरम 835

24 नागालैंड 926

25 ओडिशा 12344

26 पुडुचेरी 149

27 पंजाब 5725

28 राजस्थान 6310

29 सिक्किम 338

30 तमिलनाडु 16370

31 तेलंगाना 2724

32 दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव 235

33 त्रिपुरा 2299

34 उत्तर प्रदेश 78206

35 उत्तराखंड 2473

36 पश्चिम बंगाल 1216

Related posts

Leave a Comment