कच्छ से देश की राजधानी दिल्ली के लिए नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का शुभारंभ

हिन्द न्यूज़, कच्छ 

     रेल यात्रियों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए तथा कच्छ क्षेत्र को देश की राजधानी दिल्ली से सीधे एवं बेहतर रेल संपर्क प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में आज दिनांक 22 मई, 2026 को भुज एवं दिल्ली के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया गया। गाड़ी संख्या 19403/19404 भुज–दिल्ली–भुज एक्सप्रेस का उद्घाटन माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर किया गया।

इस अवसर पर माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज़ादी के बाद से भुज–जालोर–पाली क्षेत्र को दिल्ली के साथ सीधी रेल कनेक्टिविटी देने का सपना आज साकार हुआ है। उन्होंने बताया कि देशभर में 1300 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रेलवे के लिए रिकॉर्ड बजट आवंटित किया गया है, जिसके अंतर्गत गुजरात में 4600 करोड़ रुपये के निवेश से 85 स्टेशनों का विकास किया जा रहा है, जिनमें से 15 स्टेशनों का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अतिरिक्त 24 गतिशक्ति कार्गो टर्मिनलों का निर्माण किया जा रहा है तथा 14,000 करोड़ रुपये के निवेश से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरीडोर का कार्य भी पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि तारंगा हिल–अंबाजी रेल लाइन का कार्य भी तीव्र गति से प्रगति पर है तथा इसका पहला खंड दिसंबर माह में प्रारंभ किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में भुज–बरेली साप्ताहिक ट्रेन सेवा संचालित की जा रही है, जिसमें लगभग 80 प्रतिशत यात्री बरेली एवं उत्तर भारत क्षेत्र के होते हैं। नई भुज–दिल्ली एक्सप्रेस के प्रतिदिन संचालन से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, नियमित एवं बेहतर रेल सेवा उपलब्ध होगी।

माननीय रेल मंत्री ने आगे कहा कि नई भुज–दिल्ली एक्सप्रेस से गुजरात के 6 शहरों तथा अन्य 19 शहरों को दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी प्राप्त होगी। इस ट्रेन सेवा से विद्यार्थियों, श्रमिकों, हस्तशिल्प उद्योग से जुड़े कारीगरों, व्यापारियों, उद्योग जगत एवं किसानों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि रणोत्सव के दौरान दिल्ली एवं उत्तर भारत के यात्रियों को कच्छ आने के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारतीय रेल का अभूतपूर्व कायाकल्प हुआ है। उन्होंने बताया कि हाल ही में अहमदाबाद–धोलेरा सेमी हाई स्पीड रेल परियोजना की सौगात भी गुजरात को मिली है। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ के अंतर्गत निर्मित वंदे भारत एवं नमो भारत रैपिड रेल जैसी आधुनिक ट्रेनों ने न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान की है, बल्कि देश के विकास को भी नई गति दी है।

मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना मुंबई–अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का कार्य गुजरात में तीव्र गति से चल रहा है तथा 508 किलोमीटर लंबी परियोजना में से 348 किलोमीटर का निर्माण गुजरात में हो रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के बजट में गुजरात को रिकॉर्ड 17,366 करोड़ रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ है, जो वर्ष 2014 की तुलना में लगभग 29 गुना अधिक है। वर्तमान में गुजरात राज्य में 1,28,748 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 12 वर्षों में गुजरात के सभी रेलवे मार्गों का 100% विद्युतीकरण किया गया है। 

      इस अवसर पर भुज स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में त्रिकमभाई छांगा, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री, गुजरात सरकार एवं विधायक – अंजार, सांसद (कच्छ) विनोद एल. चावड़ा, विधायक (भुज) केशुभाई शिवदास पटेल, प्रद्युम्नसिंह जाडेजा, विधायक – अबडासा, पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय, मंडल रेल प्रबंधक अहमदाबाद वेद प्रकाश सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

    नई दैनिक ट्रेन सेवा के शुभारंभ से कच्छ क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध हो गई है। यह ट्रेन गुजरात एवं राजस्थान के विभिन्न महत्वपूर्ण शहरों एवं स्टेशनों को जोड़ते हुए यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करेगी।


गाड़ी संख्या 19403/19404 भुज–दिल्ली–भुज एक्सप्रेस

गाड़ी संख्या 19403 भुज–दिल्ली एक्सप्रेस 23 मई 2026 से प्रतिदिन भुज से 11:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 19404 दिल्ली–भुज एक्सप्रेस 24 मई 2026 से प्रतिदिन दिल्ली से 16:40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 19:35 बजे भुज पहुंचेगी।


मार्ग में प्रमुख ठहराव

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधी नगर-जयपुर, बांदीकुई, अलवर एवं रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहरेगी।

इस ट्रेन में 2-टियर एसी, 3-टियर एसी, स्लीपर एवं सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।

इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा भुज से हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन सेवा प्रारंभ करने की मांग भी रखी गई, जिस पर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने सकारात्मक विचार करने एवं आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

यह नई रेल सेवा कच्छ क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related posts

Leave a Comment